बस स्टैंड क्षेत्र के विस्तारीकरण कार्य पर लगी रोक हटाने की मांग, व्यापारियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
सैलाना। बस स्टैंड क्षेत्र के विस्तारीकरण कार्य पर प्रशासन द्वारा लगाई गई रोक के विरोध में एवं निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग को लेकर गुरुवार को बस स्टैंड क्षेत्र व्यापारी संघ, सैलाना के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने रेली के रूप में एकजुट होकर व्यापारी एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए तहसील कार्यालय पहुंच कर जिला कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुनील जायसवाल को सौंपा गया।
व्यापारियों ने ज्ञापन में कहा कि बस स्टैंड क्षेत्र के विस्तारीकरण का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के कारण क्षेत्र के व्यापारियों एवं आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधूरे कार्य से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में उल्लेखित किया गया है कि यह क्षेत्र गुजरात और राजस्थान की ओर जाने वाली बसों का प्रमुख मार्ग है जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आगमन रहता है ऐसे में बस स्टैंड के चौड़ीकरण से बसों के संचालन पार्किंग तथा यात्रियों की सुरक्षा में बड़ा फायदा होगा।
व्यापारी संघ ने मांग की कि बस स्टैंड क्षेत्र के विस्तारीकरण कार्य पर लगी रोक को तत्काल हटाकर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि व्यापारियों और आमजन को राहत मिल सके। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित निर्णय नहीं लिया गया तो वे आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन दौरान बस स्टैंड क्षेत्र व्यापारी संघ के पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
ज्ञापन का वाचन कमलेश कसेरा ने किया।

Post a Comment
0 Comments