साइबर अपराधों से बचाव के लिए थाना सैलाना में जागरूकता बैठक आयोजित।
सैलाना। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस थाना परिसर में एसडीओपी नीलम बघेल एवं थाना प्रभारी पिंकी आकाश के निर्देशन में बुधवार शाम को साइबर सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान सब इंस्पेक्टर शिवाजीराव जगताप, प्रधान आरक्षक अनिरुद्ध सिंह कुशवाहा, आरक्षक तूफान भूरिया, आरक्षक फकीरचंद सोलंकी एवं प्रधान आरक्षक संदीप सिंह भदोरिया ने उपस्थित लोगों को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के जोखिम, डिजिटल भुगतान में बरती जाने वाली सावधानियों तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें तथा किसी भी परिस्थिति में बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। एवं नागरिकों से अपील की गई कि यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का सामना करना पड़े तो तुरंत पुलिस को शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त कर जागरूक रहने एवं अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष इंद्रेश चडालिया, पत्रकार नितेश राठौड़,हरीश कुमावत, नगर रक्षा समिति पंकज बैरागी, रवि सौलंकी, धर्मेन्द्र पाटीदार एवं नगर के नागरिकगण उपस्थित थे।

Post a Comment
0 Comments