Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

सैलाना में नाबालिग से रंगदारी मामला: दो आरोपी गिरफ्तार, आदतन अपराधी हर्ष गुर्जर मास्टरमाइंड; पुलिस कार्रवाई पर भी उठे सवाल।

सैलाना में नाबालिग से रंगदारी मामला: दो आरोपी गिरफ्तार, आदतन अपराधी हर्ष गुर्जर मास्टरमाइंड; पुलिस कार्रवाई पर भी उठे सवाल।


सैलाना। नगर में नाबालिग से कथित रंगदारी, धमकी और सोने के आभूषण व नकदी ऐंठने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे आदतन अपराधी हर्ष गुर्जर के इशारे पर अवैध वसूली करते थे। इसके बाद पुलिस ने हर्ष गुर्जर को भी मामले में आरोपी बना लिया है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को दर्ज प्रकरण में आरोप था कि नगर के एक नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर उससे नकदी, सोने की अंगूठियां और कान की बाली ली गई थी। शनिवार को पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि हर्ष गुर्जर पिता मांगीलाल गुर्जर निवासी सकरावदा कथित रूप से पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड है और भोले-भाले नाबालिगों को निशाना बनाकर अवैध वसूली करवाई जाती थी। हर्ष के खिलाफ सैलाना थाने में पहले से आधा दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं।

मामले में पुलिस ने नगर के तीन सराफा व्यवसायियों से भी संदिग्ध आभूषण खरीद-फरोख्त की आशंका के आधार पर दिनभर पूछताछ की।

*-पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल*

इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई भी सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर ओशीन परिसर के सामने पुलिस ने पूर्व नियोजित योजना के तहत आरोपी आदित्य सिसोदिया को उस समय पकड़ा, जब वह फरियादी के नाबालिग पुत्र से 5 हजार रुपये ले रहा था। बताया जा रहा है कि यह राशि आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना के तहत दिलवाई जा रही थी। मौके पर पुलिस के साथ आम लोग भी मौजूद थे।

इसके बावजूद गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी अगले दिन सार्वजनिक किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। फरियादी पक्ष का आरोप है कि नाबालिग को पूरे दिन थाने में बैठाए रखा गया तथा शिकायत में पांच अंगूठियां देने की बात होने के बावजूद कार्रवाई में केवल तीन अंगूठियों का उल्लेख किया गया। परिजनों ने पुलिस की पूरी कार्रवाई को संदेहास्पद बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मीडिया को समय पर जानकारी नहीं

स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है, जब सैलाना पुलिस ने किसी महत्वपूर्ण प्रकरण की समय पर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की। इस मामले में भी मीडिया को देर से और अधूरी जानकारी दिए जाने को लेकर असंतोष है।

*-यह है पूरा मामला*

फरियादी मुकेश पिता हरिनारायण राठौड़, निवासी दयानंद गली (नेहरू मार्ग), ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके नाबालिग पुत्र को आदित्य सिसोदिया लगातार जान से मारने की धमकी देकर रुपए मांग रहा था। भय के कारण नाबालिग ने घर में रखी नकदी, सोने की अंगूठियां और कान की बाली आरोपी को दे दी। इसके बाद भी आरोपी लगातार फोन कर और रुपए मांगता रहा।

शिकायत में यह भी बताया गया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण नाबालिग मानसिक तनाव में था और कुछ दिन पहले घर छोड़कर भी चला गया था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने आदित्य सिसोदिया एवं अंकलेश मोगिया के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

*फिर बनाई मनगढ़ंत कहानी*

पूर्व के कई मामलों में पुलिस मामले का पर्दाफाश होने के पश्चात एक मनगढ़ंत कहानी बनती है। कि सामान की बारादगी जंगल या किसी के खेत में बनी टापरी में से की है। इधर इस मामले में भी पुलिस ने फिर खेत में बनी टापरी में से बरामदगी होना बताया है जबकि यह लगभग सर्वविदित है कि जिन तीनों ज्वेलर्स को रविवार को बुलाकर पूछताछ की गई उनसे ही यह अंगूठियां बरामद हुई है। दरअसल किसी के भी मार्फत ये अंगूठियां इन ज्वेलर्स को बेचने की पक्की जानकारी है।

Post a Comment

0 Comments