पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ।
सैलाना। पुरुषोत्तम (अधिक) मास के पावन उपलक्ष्य में सैलाना के ओशीन परिसर में गुरूवार से आयोजित सप्त दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व सुबह 10 बजे सनाड्य मंदिर, रंगवाड़ी मोहल्ला से श्रीमद् भागवत पोथी का भव्य चल समारोह निकाला गया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से होकर कथा स्थल पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कथा का शुभारंभ किया गया।
कथा के प्रथम दिवस पंडित कुलदीप गुरु भट्ट के मुखारविंद से श्रीमद् भागवत महात्म्य, अमर कथा, महाराज परीक्षित जन्म एवं श्री शुकदेव जी के प्राकट्य प्रसंग का वर्णन किया गया। इस अवसर पर पंडित कुलदीप गुरु ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सदाचार का मार्ग दिखाती है। भागवत श्रवण से मनुष्य के पापों का नाश होता है तथा जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है और इस माह में किए गए जप, तप, दान एवं कथा श्रवण का पुण्य अनेक गुना बढ़ जाता है।
कथा के दौरान संगीतमय भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए उपस्थित रहे और धर्म लाभ प्राप्त किया।
इस धार्मिक आयोजन के यजमान राजेंद्र पाराशर, सौ. शशि पाराशर एवं समस्त पाराशर परिवार हैं। कथा का आयोजन बुधवार तक प्रतिदिन किया जाएगा, जिसमें श्रीमद् भागवत के विभिन्न प्रसंगों का रसपान कराया जाएगा।

Post a Comment
0 Comments