एल्डरमैन के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का प्रकरण, एल्डरमैन ने आरोप को झूठा बताया।
सैलाना- सोमवार दोपहर सैलाना के बस स्टैंड पर एक बहुत पुराने और विशाल नीम के पेड़ गिरने की घटना के बाद उपजे विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं।
मंगलवार को ड्यूटी चिकित्सक ने घटना में घायल के इलाज के दौरान नगर परिषद के एल्डरमैन नाथूलाल राठौड़ के खिलाफ अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने राठौड़ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया।
उधर राठौड़ ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झुठलाते हुए उल्टे चिकित्सक और स्टॉफ पर अभद्र व्यवहार और घायल के ईलाज में देरी करने का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया हैं।
*नित नए मोड़ आ रहे, मामले में-*
सोमवार को उक्त घटना में अरुण पुत्र राजेश राठौड़ घायल हो गए थे। घायल को नाथूलाल राठौड़ अन्य साथियों की मदद से सैलाना के सरकारी अस्पताल ले गए थे। वहीं पर उपस्थित चिकित्सक, स्टॉफ और राठौड़ के बीच घायल के ईलाज में देरी को ले कर खासी गहमा गहमी हो गई थी। ड्यूटी चिकित्सक डॉक्टर नीरजसिंह चौहान ने थाने पर एफआईआर कराई कि राठौड़ ने उनके साथ घायल के ईलाज के दौरान अभद्र और अपमानजनक व्यवहार और हाथापाई की। और शासकीय कार्य में हस्तक्षेप किया।
*राठौड़ ने भी दिया आवेदन-*
बाद में राठौड़ ने भी पुलिस थाने में दिए आवेदन में संबंधित चिकित्सक और स्टॉफ पर लापरवाही और झूठी शिकायत करने का आरोप लगाया। राठौड़ ने कहा कि नीम का पेड़ गिरने की घटना में उनका भतीजा अरुण घायल हो गया था। वे कुछ लोगों की मदद से उसे ले कर अस्पताल गए थे। वहां घायल का उपचार ही नहीं किया गया।
*संबंधित चिकित्सक देरी से आए-*
घायल के ईलाज की कोई व्यवस्था नहीं होने से वहीं से निजी वाहन की व्यवस्था करके उसे उपचार हेतु रतलाम मेडिकल ले गए। राठौड़ ने कहा कि उनके साथ अन्य उपस्थित लोग भी बता सकते हैं कि उन्होंने कुछ विवाद नहीं किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर अपने खिलाफ हुई एफआईआर निरस्त करने की मांग की। बाद में राठौड़ ने इंटरनेट मीडिया पर भी अपना पक्ष रखा और कहा कि वे घायल की सहायता के लिए अस्पताल गए थे। मदद करना कोई गुनाह नहीं हैं।चिकित्सक ने मनगढ़ंत रिपोर्ट लिखाई।
*प्रकरण दर्ज किया-*
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि मामले में चिकित्सक की रिपोर्ट पर राठौड़ के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। राठौड़ का आवेदन जांच में लिया गया हैं। जांच उपरांत विधि सम्मत कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment
0 Comments