Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

सैलाना में भगवान देवनारायणजी की प्राण-प्रतिष्ठा सम्पन्न, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब।

सैलाना में भगवान देवनारायणजी की प्राण-प्रतिष्ठा सम्पन्न, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब।


सैलाना। गुर्जर समाज के आराध्य देव भगवान देवनारायणजी की प्राण-प्रतिष्ठा गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए।

समारोह के तहत भगवान देवनारायणजी की आकर्षक शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन एवं जयकारों के साथ शामिल हुए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए ज़ूनावास स्थित नवनिर्मित मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।

धार्मिक कार्यक्रम में विधायक कमलेश्वर डोडियार, पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत एवं संगीता चारेल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शामिल होकर भगवान देवनारायणजी के दर्शन किए तथा धर्मलाभ लिया। अतिथियों ने समाज की एकजुटता एवं धार्मिक परंपराओं की सराहना की।

इसके बाद राजस्थान के प्रसिद्ध गुर्जर तीर्थ आसींद से पधारे पंडितों द्वारा हवन-पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान देवनारायणजी की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न करवाई गई। पूरे मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के समापन पर महाआरती का आयोजन किया गया तथा भगवान देवनारायणजी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। प्रसादी वितरण के साथ श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सर्व समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments