धार भोजशाला मामले को लेकर प्रशासन अलर्ट, सैलाना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी।
सैलाना। धार जिले में स्थित भोजशाला को लेकर आज दोपहर करीब ढाई बजे आने वाले महत्वपूर्ण निर्णय के मद्देनज़र पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
रतलाम जिले के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिलेभर के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित नहीं होना चाहिए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसी क्रम में रतलाम जिले के सैलाना नगर में भी पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया। नगर के मस्जिद चौराहा पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष मौजूदगी रही। यहां सैलाना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, थाना प्रभारी पिंकी आकाश सहित पुलिस बल एवं प्रशासनिक अमला लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए रहा।
मस्जिद चौराहा सहित नगर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई तथा आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी गई। प्रशासन द्वारा नागरिकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा गया है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें।
प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में पूरी तरह शांति कायम है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment
0 Comments