Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

ऑटो पलटने से 15 वर्षीय बालिका की मौत।

ऑटो पलटने से 15 वर्षीय बालिका की मौत।

सैलाना- क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम सकरावदा में मजदूरों से भरा एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें 15 वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे ग्राम फोफिरुंडी से मजदूरों को लेकर ऑटो रिक्शा क्रमांक MP43K2267 सैलाना की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि ऑटो में क्षमता से कहीं अधिक लगभग 20 से 30 मजदूर सवार थे। जब वाहन ग्राम सकरावदा के इमली चौक स्थित पूर्व सरपंच वागजी खराड़ी के मकान के सामने मोड़ पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार और अत्यधिक भार के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सड़क पर पलट गया।

दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को ऑटो से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

हादसे में कविता पिता सूरज खराड़ी (15) निवासी ग्राम फोफिरुंडी की दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर अवस्था में अस्पताल लाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में डॉ. डांगी द्वारा प्राथमिक जांच के बाद डॉ. जितेंद्र रायकवार ने दोपहर करीब 10:30 बजे पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी की।

दुर्घटना में करीब छह लोग घायल हुए हैं। इनमें रेखा पति शंकर खराड़ी (35) का उपचार सैलाना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। वहीं कालीबाई पति मोहन मईड़ा (40) की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया। अन्य घायलों को हल्की चोटें आई हैं तथा कुछ लोगों का सकरावदा के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में मजदूरों को ढोने वाले वाहनों में लगातार ओवरलोडिंग की जा रही है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। हादसे के बाद लोगों ने परिवहन व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर नाराजगी जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post a Comment

0 Comments