मुस्लिम समाज गुरुवार को मनाएगा बकरी ईद, तैयारियां जोरों पर।
सैलाना। मुस्लिम समाज द्वारा गुरुवार को बकरी ईद (ईद-उल-अजहा) का पर्व धार्मिक आस्था एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मस्जिदों और ईदगाहों में साफ-सफाई एवं विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
बकरी ईद के अवसर पर मुस्लिम समाज के लोग सुबह ईदगाह एवं मस्जिदों में विशेष नमाज अदा करेंगे तथा देश में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगेंगे। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देंगे। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है। कपड़े, सेवइयां, मिठाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
समाजजनों ने बताया कि बकरी ईद त्याग, बलिदान और भाईचारे का संदेश देने वाला प्रमुख पर्व है। इस दिन लोग अपनी क्षमता अनुसार कुर्बानी देकर जरूरतमंदों में भी हिस्सा वितरित करते हैं।
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि बकरी ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस बल लगातार गश्त करेगा। उन्होंने नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखने एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Post a Comment
0 Comments