सैलाना में जमीनी विवाद में बाहर के दबंगों द्वारा बंदूक तान कर धमकी देने का मामला, पुलिस ने दबाव के बाद किया प्रकरण दर्ज।
सैलाना। नगर के रंगवाड़ी मोहल्ला निवासी नारायण पाटीदार एवं गोपाल पाटीदार को बंदूक की नोक पर जमीन खाली कराने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे पाटीदार समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। समाजजन सोमवार देर रात सैलाना थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सैलाना स्थित सर्वे नंबर 1697/14 की करीब ढाई हेक्टेयर कृषि भूमि पर उक्त पाटीदार परिवार पिछले लगभग 30 वर्षों से खेती करता आ रहा है। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व जमीन का पूर्व मालिक खेत पर पहुंचा और विवाद करने लगा। इसके बाद 25 मई की रात कुछ बदमाश स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे और नारायण पाटीदार के परिवार को बंदूक दिखाकर जमीन खाली नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफियाओं के साथ मिलकर जमीन पर अवैध कब्जे का दबाव बनाया जा रहा है। मामले में पुलिस द्वारा शुरुआती कार्रवाई में हल्की धाराएं लगाने से समाजजन नाराज हो गए। इसके विरोध में बड़ी संख्या में पाटीदार समाज के लोग सोमवार देर रात सैलाना थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
धरने के दौरान समाजजनों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार जब्त करने एवं संबंधित हथियार लाइसेंस निरस्त करने की मांग उठाई। बढ़ते दबाव और जनआक्रोश के बाद पुलिस ने मामले में अन्य धाराएं बढ़ाते हुए देर रात केस दर्ज किया।
धरना प्रदर्शन में नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला, मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर,पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार सहित समाज के कई वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Post a Comment
0 Comments