सैलाना में बालिकाओं को कराया गया योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश।
सैलाना। माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सैलाना में योगाचार्य हरीश कुमार श्रीवास्तव एवं कांतिलाल राठौड़ द्वारा बालिकाओं एवं समस्त स्टाफ को योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया। इस दौरान योग के महत्व पर विस्तार से जानकारी भी दी गई।
योगाचार्य हरीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। योग के नियमित अभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, तनाव दूर होता है और मानसिक शांति प्राप्त होती है। उन्होंने बालिकाओं को दैनिक जीवन में योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कांतिलाल राठौड़ ने कहा कि योग से मन शांत होता है और पढ़ाई के साथ-साथ योग भी जीवन में अत्यंत आवश्यक है।
प्राचार्य दिलीप कुमार पाटीदार ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग को प्रतिदिन करना चाहिए, इससे कार्यक्षमता बढ़ती है, तनाव कम होता है तथा मन की स्थिरता में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम के अंत में मंच संचालन कर रहे डॉ. दुर्गाराम चौधरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के सभी सदस्य एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment
0 Comments