विश्व होम्योपैथी सम्मेलन में डॉ. श्वेता जैन सम्मानित।
लंदन में आयोजित विश्व होम्योपैथी के चौथे सम्मेलन में डॉ. श्वेता आनंद जैन को बांझपन विषय में उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें ब्रिटेन की सांसद शिवानी राजा के हाथों प्राप्त हुआ।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद डॉ. श्वेता जैन को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में अपने विषय पर प्रस्तुतीकरण देने का अवसर भी मिला, जो उनके कार्य की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति को दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. श्वेता जैन, वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. कमला बोहरा की पुत्री हैं, जिन्होंने सैलाना शासकीय चिकित्सालय में वर्षों तक सेवाएं दीं। अपनी माता की तरह ही डॉ. श्वेता जैन ने भी चिकित्सा क्षेत्र, विशेषकर महिला स्वास्थ्य और बांझपन उपचार में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर सैलाना और देश का नाम रोशन किया है।
डॉ. श्वेता जैन की प्रारंभिक शिक्षा सैलाना में ही हुई। वर्तमान में वे रतलाम में अपने निजी क्लिनिक के माध्यम से सेवाएं दे रही हैं। उनके पति आनंद जैन भी चिकित्सक हैं और सैलाना में अपनी चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
डॉ. श्वेता जैन की इस उपलब्धि पर उनके इष्ट मित्रों, परिजनों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा भविष्य में और अधिक सफलता की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


Post a Comment
0 Comments