स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26: नगर परिषद सैलाना द्वारा डस्टबिन वितरण एवं जनजागरूकता अभियान शुरू।
सैलाना। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नगर परिषद सैलाना द्वारा नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि नागरिक अपने घरों से ही सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग करके दें।
शासन द्वारा सूखे एवं गीले कचरे के लिए अलग-अलग रंग के डस्टबिन निर्धारित किए गए हैं। इसी क्रम में नगर परिषद द्वारा प्रत्येक वार्ड में हरे (गीला कचरा) एवं नीले (सूखा कचरा) रंग के डस्टबिन का वितरण किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत आज वार्ड क्रमांक 11 से की गई।
नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना एवं कचरा पृथक्करण की आदत विकसित करना है।
अध्यक्ष शुक्ला ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि "यह नगर हम सभी का है, इसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।" उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि हरे रंग की डस्टबिन में गीला कचरा जैसे बची हुई सब्जियां आदि तथा नीले रंग की डस्टबिन में सूखा कचरा जैसे कागज व अन्य घरेलू कचरा रखें और निर्धारित कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें।
इस अवसर पर पार्षद पुष्पा ईश्वर लाल राठौर, समाज सेवी एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मांडोत एवं निकाय कर्मचारी भीमसेन लहरी, धीरज सिंह रावत, धन्नालाल परमार, हुकमीचंद परमार, सुरेश पाटीदार, दीपक गोयर आदि उपस्थित रहे।


Post a Comment
0 Comments