सैलाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब से भरी कार पकड़ी, आरोपी फरार।
सैलाना- जिले के सैलाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में शराब जप्त की है। हालांकि पुलिस को चकमा देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
*मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई*
चौकी धामनोद प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद बागवान को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार में अवैध शराब लेकर सैलाना बायपास की ओर आने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पंचों और पुलिस बल के साथ घेराबंदी की।
*फिल्मी अंदाज में पीछा, आरोपी फरार*
पुलिस टीम द्वारा बोदिना फंटा के पास संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार चालक ने वाहन तेज गति से मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया, जिसके बाद आरोपी भैसाडाबर-हतनारा मार्ग पर सुनसान इलाके में कार छोड़कर खेतों की ओर भाग गए।
पुलिस व टीम ने पीछा किया, लेकिन नाले और ऊबड़-खाबड़ इलाके का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए।
*कार से भारी मात्रा में शराब बरामद*
पुलिस द्वारा मौके पर छोड़ी गई कार की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई:
किंगफिशर बीयर: 14 पेटी (कुल 330 केन, 500 एमएल)
एमडी व्हिस्की: 3 पेटी (कुल 142 क्वार्टर, 180 एमएल)
👉 कुल शराब: 190.56 बल्क लीटर
👉 अनुमानित कीमत: ₹1,18,000/-
*वाहन भी जप्त*
अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त कार मारूति सुजुकी स्विफ्ट को भी जप्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹2 लाख बताई जा रही है।
*आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज*
आरोपियों के पास शराब परिवहन का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं पाया गया। इस पर पुलिस ने मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
*जांच जारी*
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
*इनका कहना -*
चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद बागवान ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment
0 Comments