सैलाना में धुलेंडी पर रंगों की धूम, जमकर उड़ा गुलाल।
सैलाना। नगर में बुधवार को धुलेंडी पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही बच्चे, युवा और बुजुर्ग होली खेलने घरों से बाहर निकल आए। लोगों के हाथों में गुलाल और रंग नजर आ रहे थे तथा वे एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दे रहे थे। चेहरों पर खुशी और उल्लास साफ झलक रहा था। खासतौर पर बच्चों में होली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
गीला रंग कम, गुलाल अधिक
इस बार होली पर पानी में घोलकर लगाए जाने वाले गीले रंगों का उपयोग अपेक्षाकृत कम रहा। लोगों ने सूखे गुलाल को प्राथमिकता दी। जहां भी दो या दो से अधिक लोग एकत्रित होते, वहां रंग-बिरंगा गुलाल उड़ता नजर आता। वातावरण पूरी तरह रंगमय हो गया था।
*जगह-जगह हुई पार्टियां*
होली के अवसर पर हर गली और चौराहे पर लोगों की टोलियां जमी रहीं। समूह बनाकर लोग होली खेलते और मस्ती करते नजर आए। कई स्थानों पर डीजे साउंड सिस्टम की व्यवस्था भी की गई थी, जहां युवा होली गीतों पर थिरकते दिखाई दिए। दोपहर बाद कई लोगों ने अपने या परिचितों के खेतों पर पहुंचकर सामूहिक भोज का आयोजन किया और उत्सव का आनंद लिया।
*सभी समाजों की बैठकें भी आयोजित*
धुलेंडी के दिन विभिन्न समाजों द्वारा बैठकें आयोजित करने की परंपरा भी निभाई गई। इन बैठकों में वार्षिक आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा वर्षभर की गतिविधियों पर चर्चा की गई।
इस तरह नगर में धुलेंडी का पर्व सौहार्द, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
*धुलेंडी पर प्रशासन रहा अलर्ट, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम*
रंगों के पर्व धुलेंडी पर नगर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुबह से ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी।










Post a Comment
0 Comments