धामनोद बायपास पर लोडिंग सीएनजी ऑटो में लगी भीषण आग, वाहन जलकर हुआ खाक।
रतलाम/धामनोद। सोमवार दोपहर लगभग 1 बजे रतलाम– सैलाना रोड स्थित धामनोद बायपास पर एक लोडिंग सीएनजी तीन पहिया वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा लोडिंग ऑटो रिक्शा जलकर खाक हो गया।
लोडिंग ऑटो चालक कपिल ने बताया कि सीएनजी लोडिंग ऑटो रिक्शा में शासकीय विद्यालयों के म्यूजिक सिस्टम एवं अन्य सामग्री लेकर सैलाना क्षेत्र के 5 से 6 स्कूलों में पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान धामनोद बाय-पास पर वाहन से अचानक धुआं का गुब्बार उठने लगा और कुछ ही मिनटों में आग की लपटें उठने लगीं।
आग इतनी भीषण थी कि लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। घटना के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर धामनोद नगर परिषद का फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक तीन पहिया वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
गनीमत रही कि चालक ने सतर्कता दिखाते हुए आग की लपटें उठते ही वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और सुरक्षित दूरी जगह पर चला गया, जिससे बड़ा हादसा होते होते टल गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

Post a Comment
0 Comments