असमय बारिश से तबाह फसलें, किसानों को तत्काल राहत देने की मांग -हर्ष विजय गहलोत ने प्रशासन से सर्वे व मुआवजे की अपील की।
सैलाना। पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रतलाम हर्ष विजय गहलोत ने हाल ही में हुई असमय और तेज बारिश से गेहूं सहित अन्य फसलों को हुए नुकसान का खेतों में पहुंचकर मुआयना किया। उन्होंने प्रभावित किसानों की स्थिति को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
गेहलोत ने मिशा सिंह (जिला कलेक्टर, रतलाम), तरुण जैन (एसडीएम, सैलाना), कुलभूषण शर्मा (तहसीलदार, सैलाना) तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अनुरोध किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र सर्वे कराकर किसानों को राहत प्रदान की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से किसानों के हित में तत्काल आदेश जारी करने की भी अपील की।
उन्होंने बताया कि बीते दिनों सैलाना, रावटी, बाजना, सरवन सहित कई क्षेत्रों में हुई अतिवृष्टि से खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। कई स्थानों पर फसलें पूरी तरह जमीन पर गिर चुकी हैं। तैयार गेहूं की फसल में पानी भरने से दानों का रंग बदलने की आशंका है, जिससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ सकता है। किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है।
गहलोत ने कहा कि असमय बारिश ने किसानों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। खेती पर निर्भर परिवार आर्थिक रूप से टूट चुके हैं। यदि समय रहते सर्वे कर राहत राशि नहीं दी गई तो किसानों की स्थिति और अधिक दयनीय हो सकती है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित गांवों में तत्काल पटवारी व राजस्व अमले को भेजकर फसल नुकसान का आकलन कराया जाए और शीघ्र मुआवजा वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस और त्वरित सहायता की आवश्यकता है।
अंत में उन्होंने कहा, “किसान मजबूत होंगे तभी देश मजबूत होगा। सरकार को चाहिए कि इस कठिन घड़ी में किसानों के साथ खड़ी होकर उन्हें राहत और संबल प्रदान करे।”

Post a Comment
0 Comments