Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

विद्यार्थियों की समस्याओं पर तुरंत एक्शन में आए विधायक कमलेश्वर डोडियार

*विद्यार्थियों की समस्याओं पर तुरंत एक्शन में आए विधायक कमलेश्वर डोडियार*

*ईएमआरएस सैलाना पहुंचकर अधिकारियों को दिए तत्काल निराकरण के निर्देश*


सैलाना, रतलाम। एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (ईएमआरएस) सैलाना के विद्यार्थियों द्वारा अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पैदल रतलाम पहुंचकर जिला कलेक्टर से मिलने जाने की सूचना मिलते ही सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार तत्काल विद्यालय पहुंचे और मौके पर विद्यार्थियों, जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त, विद्यालय के प्राचार्य तथा छात्रावास वार्डनों के साथ विस्तृत बैठक कर सभी समस्याओं की गंभीरता से सुनवाई की।

बैठक में विद्यार्थियों ने छात्रावास, भोजन, पेयजल, साफ-सफाई, व्यवस्थाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक कमलेश्वर डोडियार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की किसी भी समस्या की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

विधायक डोडियार ने बैठक के दौरान ही रतलाम जिला कलेक्टर तथा उज्जैन संभाग के जनजातीय कार्य विभाग के उपायुक्त से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने दोनों अधिकारियों से विद्यालय का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि आदिवासी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक छात्रावासीय वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्थाओं में कहीं भी लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए वे लगातार प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखेंगे और किसी भी विद्यार्थी को अपनी बात रखने के लिए पैदल लंबी दूरी तय करने की नौबत नहीं आने दी जाएगी।

Post a Comment

0 Comments