*सैलाना में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, पांच प्रतिष्ठानों से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने*
*मावा बर्फी, सेव, सोयाबीन तेल, साबूदाना, मूंगफली, दाल, दूध और मैगी नूडल्स की होगी जांच, साफ-सफाई के निर्देश*
सैलाना। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को खाद्य एवं औषधि प्रशासन रतलाम की खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया ने सैलाना नगर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पांच प्रतिष्ठानों से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया ने बसंत रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर मावा बर्फी का नमूना लिया तथा परिसर में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। टाटधारी नमकीन के संचालक विशाल कसेरा के प्रतिष्ठान से सेव एवं सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए लिए गए। यहां आवश्यक सुधार के लिए नोटिस भी जारी किया गया।
इसी क्रम में दिलीप मार्ग स्थित श्रीराम किराना स्टोर का निरीक्षण कर साबूदाना, मूंगफली एवं दाल के नमूने लिए गए। गुरुकृपा डेयरी से दूध तथा वीरेंद्र ट्रेडर्स से मैगी नूडल्स का नमूना संग्रहित किया गया।
प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर होगी आगामी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा लिए गए सभी नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर प्रतिष्ठान संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं मानक स्तर के खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

Post a Comment
0 Comments