*सैलाना विधानसभा के सभी मतदान केंद्रों के बीएलओ की बैठक आयोजित*
*18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नवीन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का लक्ष्य*
सैलाना। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा के निर्देशानुसार प्रदेश में 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसी के परिपालन में सैलाना विधानसभा क्षेत्र के समस्त मतदान केंद्रों के बीएलओ की बैठक तहसील कार्यालय सैलाना में तहसीलदार मनीष जैन की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में बीएलओ को विशेष मतदाता अभियान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
तहसीलदार मनीष जैन ने बताया कि अभियान के दौरान ऐसे नवीन मतदाताओं, जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई प्राथमिकता से की जानी है। इसके लिए प्रत्येक बीएलओ को अपने मतदान केंद्र की मतदाता संख्या के अनुसार लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे आगामी 10 अक्टूबर तक पूर्ण करना है।
बैठक में बीएलओ को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्र में पात्र नवीन मतदाताओं की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। साथ ही जिन पात्र नागरिकों के नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं जुड़े हैं, उन्हें भी अभियान से जोड़ते हुए आवश्यक जानकारी एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे विशेष अभियान का लाभ उठाकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन भी समय पर करवाएं।

Post a Comment
0 Comments