Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

*मानव जीवन में गौ सेवा सबसे अच्छी सेवा* *गौशाला में गौमाता के लिए स्वामिवात्सल्य का आयोजन, जीवदया के भाव से जैन समाज ने कराया विशेष आहार, बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी हुए शामिल*

 *मानव जीवन में गौ सेवा सबसे अच्छी सेवा*

*गौशाला में गौमाता के लिए स्वामिवात्सल्य का आयोजन, जीवदया के भाव से जैन समाज ने कराया विशेष आहार, बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी हुए शामिल*

सैलाना। मानव जीवन में सुख, शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य के लिए गौसेवा को महत्वपूर्ण माना गया है। इसी भाव के साथ शुक्रवार को सैलाना गौशाला में गौमाता के निमित्त विशेष स्वामिवात्सल्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक श्रीसंघ एवं चातुर्मास समिति, सैलाना द्वारा किया गया।

यह आयोजन परम पूज्य साध्वीवर्या श्री चारुदर्शा श्रीजी म.सा. के देवलोकगमन के निमित्त अबोल जीवों की सेवा एवं जीवदया के भाव से किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत पूज्य महाराज साहब के छोटा जैन मंदिर से गौशाला के लिए मंगल प्रस्थान के साथ हुई। इसके बाद प्रातः 9 बजे सैलाना गौशाला में गौमाता के लिए विशेष स्वामिवात्सल्य का आयोजन किया गया। इस दौरान गायों को लापसी, हरा चारा, फल-सब्जियां एवं अन्य आहार अर्पित किया गया। बीमार गायों तथा बिना मां के बछड़ों को भी विशेष रूप से आहार कराया गया।

इस अवसर पर उपस्थित परम पूज्या साध्वीवर्या श्री विद्विता श्रीजी म.सा. ने कहा कि मानव जीवन में सुख शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य प्राप्त करने के लिए गौ सेवा से अच्छी कोई सेवा नहीं है। 


गौशाला में गौमाता की सेवा में लगे सेवकों की सेवा भावना की अनुमोदना करते हुए कहा कि गौसेवा और अबोल जीवों की सेवा मानव जीवन को सार्थक बनाने वाले पुनीत कार्य हैं। गौशाला में गायों के पालन-पोषण एवं उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की गई।

आयोजन में परम पूज्या साध्वीवर्या श्री मोनिका इंद्रु श्रीजी म.सा., श्री हेमन्द्र श्रीजी म.सा. एवं साध्वीवर्या श्री चादर्शी श्रीजी म.सा. की सुशिष्या साध्वीवर्या श्री मृदुलता श्रीजी म.सा., श्री विद्विता श्रीजी म.सा., श्री प्रभुता श्रीजी म.सा. आदि गणों की पावन प्रेरणा एवं निश्रा रही।

इस अवसर पर जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक श्रीसंघ के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता, चातुर्मास समिति अध्यक्ष प्रियंक चंडालिया सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने गौसेवा में सहभागिता कर जीवदया का पुण्य लाभ लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से गौसेवा, करुणा, अहिंसा और जीवदया का संदेश दिया गया। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से अबोल जीवों की सेवा एवं गौसेवा के कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया गया।

Post a Comment

0 Comments