Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

*शांति समिति की बैठक संपन्न, अधिकारियों ने दिया त्योहार शांतिपूर्वक मनाने का संदेश* *नवरात्रि पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य, गरबा आयोजन के लिए लेनी होगी अनुमति*

*शांति समिति की बैठक संपन्न, अधिकारियों ने दिया त्योहार शांतिपूर्वक मनाने का संदेश*

*नवरात्रि पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य, गरबा आयोजन के लिए लेनी होगी अनुमति*

 सैलाना। आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को स्थानीय पुलिस थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। नायब तहसीलदार करमचंद डोडियार एवं थाना प्रभारी पिंकी आकाश की अध्यक्षता में हुई बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक प्रबंधों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाए जाएं। उन्होंने नवरात्रि में स्थापित होने वाली माता की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नगर परिषद द्वारा विक्टोरिया तालाब पर प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था की जाएगी। नगर परिषद को विसर्जन व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि प्रतिमाओं का विसर्जन विधिवत हो और विसर्जन के बाद मूर्तियां इधर-उधर पड़ी न रहें।
थाना प्रभारी ने नवरात्रि पंडालों में विद्युत व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडालों में बिजली के खुले तार नहीं रखे जाएं और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। आयोजन समितियों को इन निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने की बात कही गई।

*पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य*

थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि सभी नवरात्रि पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। जहां भी माता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, वहां दो व्यक्तियों की मौजूदगी सुनिश्चित करना आवश्यक रहेगा, ताकि पंडाल की निगरानी बनी रहे। उन्होंने नवरात्रि के दौरान गरबा आयोजन के लिए संबंधित अनुमति लेना भी अनिवार्य बताया।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, उपद्रव करने या अपराध में शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नवरात्रि के दौरान अपराध करने वालों का दशहरा जेल में बीतेगा। पुलिस द्वारा त्योहारों के दौरान लगातार निगरानी रखी जाएगी।

*ये रहे उपस्थित*

बैठक में नायब तहसीलदार करमचंद डोडियार, थाना प्रभारी पिंकी आकाश, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, पत्रकार संतोष धभाई, नितेश राठौड़, कृष्णकांत मालवीय, सुनील परिहार, जितेंद्र सिंह राठौर, रवि चंडालिया, पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत, नगर रक्षा समिति के धर्मेंद्र सिंह राठौर, पंकज बैरागी, दिगेंद्र बैरागी, इंद्रपाल सिंह एवं आरक्षक संदीप पाटीदार सहित अन्य उपस्थित रहे।
बैठक में सभी से त्योहारों के दौरान प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने तथा नगर में शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।

Post a Comment

0 Comments