Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

चोरी की घटनाओं के बीच मोटरसाइकिल चोरी का प्रयास, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध

चोरी की घटनाओं के बीच मोटरसाइकिल चोरी का प्रयास, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध

सैलाना। नगर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच मोटरसाइकिल चोरी के प्रयास ने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार की रात कुमावतपुरा क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल चोरी की नीयत से पहुंचा। वह काफी देर तक कुमावत पुरा की गलियों में घूमता रहा और घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों के लॉक चेक करता नजर आया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, संदिग्ध युवक एक मोटरसाइकिल चोरी करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वार्डवासियों के कुत्तों ने भौंकना शुरू कर दिया, जिससे वह घबरा गया। बदमाश ने भागते समय पत्थर भी फेंके और मौके से फरार हो गया। घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस की मोटरसाइकिल भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक संदिग्ध वहां से भाग चुका था।

वार्ड क्रमांक 3 में तीन चोरियों से दहशत

वार्ड क्रमांक 3 में पिछले दिनों अलग-अलग स्थानों पर चोरी की तीन घटनाएं सामने आने से लोगों में भय का माहौल है। वार्ड पार्षद कुलदीप कुमावत ने थाना प्रभारी पिंकी आकाश को ज्ञापन सौंपकर चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पार्षद ने बताया कि 31 अगस्त को हुई चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से वार्डवासियों में चिंता बनी हुई है।

पार्षद ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच की मांग भी की है। उन्होंने चेतावनी दी कि चोरी की घटनाओं पर जल्द रोक नहीं लगी तो वार्डवासियों के साथ आंदोलन किया जाएगा।

अंधेरे का फायदा उठा रहे असामाजिक तत्व

पार्षद कुमावत ने नगर परिषद अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र देकर अशोक कुमावत के मकान से रंगवाड़ी मोहल्ले और हनुमान मंदिर तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अंधेरे का फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से चिन्हित स्थानों पर स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की गई है।

CCTV फुटेज से संदिग्ध की तलाश

थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि पुलिस की ओर से लगातार गश्त की जा रही है। चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय वह अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments