Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

*भेरूघाटा के पास बाइक हादसे में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल* *ग्रामीणों ने जताई हमले की आशंका, पुलिस जांच में जुटी*

 *भेरूघाटा के पास बाइक हादसे में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल*

*ग्रामीणों ने जताई हमले की आशंका, पुलिस जांच में जुटी*

सैलाना। सैलाना थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात भेरूघाटा के पास हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक तौर पर पुलिस मामले को सड़क दुर्घटना से जोड़कर जांच कर रही है। वहीं घटनास्थल और आसपास के गांव के लोगों ने युवकों के साथ मारपीट किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय रमेश पुत्र वरसिंह भाभर निवासी धबाईखेड़ी (अडवानिया), गोपाल पुत्र गोवर्धन चरपोटा और करण पुत्र मनसुख मेड़ा तीनों बाइक से दोलतपुरा गए थे। घायल करण के अनुसार तीनों रमेश की मंगेतर से मिलने के लिए दैलतपुरा गए थे। मुलाकात के बाद तीनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे।


*भेरूघाटा के पास हुआ हादसा*

बताया गया कि भेरूघाटा के पास तीनों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए। करण किसी तरह वहां से निकलकर कुछ दूरी पर पहुंचा और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सैलाना लाया जा रहा था।

इसी दौरान रमेश ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल गोपाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घायल करण का उपचार जारी है।


*ग्रामीणों ने जताई हमले की आशंका*

घटना को लेकर गांव के लोगों का कहना है कि युवकों के साथ केवल सड़क हादसा नहीं हुआ, बल्कि उनके साथ मारपीट किए जाने की भी आशंका है। ग्रामीणों ने दावा किया कि घटनास्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियां हुई थीं और युवकों पर हमला किया गया हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


*ये कहना जनप्रतिनिधि का* 

जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशू निनामा का कहना हैं कि पुलिस अच्छे से सारी स्थिति जांच कर फिर किसी नतीजे पर पहुँचे। अभी से इस घटना को दुर्घटना ही कह देना ठीक नहीं। ये हमला भी हो सकता है। हम कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं। पर पुलिस सभी पहलुओं को जांच कर वास्तविकता सामने लाए।

*तेज गति के कारण दुर्घटना*

थाना प्रभारी पिंकी आकाश का कहना हैं कि तेज गति से इनकी बाईक दुर्घटनाग्रस्त हुई। इसलिए अधिक चोटिल होने से दो की मौत हुई। एक घायल हुआ।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ ही ग्रामीणों द्वारा जताई जा रही हमले की आशंका के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments