तेज रफ्तार बाइक के सामने आए कुत्ते, चार युवक सड़क पर गिरे, दुर्घटना में एक कुत्ते की मौत, युवक के दोनों हाथों में फ्रैक्चर
सैलाना। देव झूलनी ग्यारस पर सैलाना में निकले अखाड़े देखने के बाद घर लौट रहे चार युवक मंगलवार शाम सड़क हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक के सामने अचानक तीन-चार कुत्ते आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी। हादसे में एक युवक के दोनों हाथों में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धामनोद निवासी दिलीप पिता वरसिंग मीणा अपने तीन अन्य साथियों के साथ देव झूलनी ग्यारस पर सैलाना में निकले अखाड़े देखने आए थे। कार्यक्रम देखने के बाद चारों युवक एक ही बाइक से सैलाना से धामनोद की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक तीन-चार कुत्ते सामने आ गए। बाइक की गति अधिक होने के कारण चालक बाइक को संभाल नहीं पाया और बाइक सहित चारों युवक सड़क पर गिर गए।
बताया जाता है कि बाइक की चपेट में आने से एक कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में दिलीप मीणा के दोनों हाथों में चोट लगने के साथ फ्रैक्चर होने की जानकारी है।
घटना के बाद दिलीप अपने तीनों साथियों के साथ बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद तीनों अन्य साथी सुरक्षित बताए गए और वहां से रवाना हो गए।

Post a Comment
0 Comments