एक्सप्रेस-वे पर देर रात फिर पथराव, कई वाहनों के कांच फोड़े
6-7 वाहन बने निशाना, कुछ यात्रियों को चोटें आने की सूचना; घटना के बाद टोल प्लाजा पर पहुंचे वाहन चालक, पुलिस ने शुरू की जांच
सैलाना/रतलाम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के 8-लेन मार्ग पर रतलाम-थांदला के बीच देर रात एक बार फिर पथराव की घटना सामने आई। गुजरात की ओर से थांदला होते हुए रतलाम की ओर आ रहे करीब 6-7 वाहनों को अज्ञात लोगों ने निशाना बनाया। अचानक हुए पथराव से कई वाहनों के कांच टूट गए, वहीं कुछ यात्रियों के चोटिल होने की भी सूचना है।
बताया गया कि घटना रात करीब पौने दस बजे की है। पथराव से घबराए वाहन चालक और यात्री आगे बढ़कर धामनोद स्थित टोल प्लाजा पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। यात्रियों के अनुसार अंधेरा होने के कारण पथराव करने वालों का पता नहीं चल सका। घटना के बाद यात्रियों में भय का माहौल बन गया और किसी बड़ी वारदात की आशंका के चलते वे टोल प्लाजा पर रुके।
घटना के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोनू यादव का वाहन भी आसपास ही चल रहा था। सैलाना निवासी रितेश चंडालिया ने बताया कि देर रात करीब सवा 11 बजे रतलाम के डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव सहित पुलिस अधिकारी टोल प्लाजा पहुंचे। पुलिस ने वाहन चालकों और घायल यात्रियों से घटना की जानकारी ली तथा उनके बयान दर्ज किए।
देर रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल की जानकारी जुटाने और पथराव करने वाले लोगों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Post a Comment
0 Comments