विश्व कल्याण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकली सैलाना से होरी हनुमानजी तक पदयात्रा
सैलाना। जय बजरंग व्यायामशाला के तत्वावधान में चतुर्थ वर्ष में सैलाना से होरी हनुमानजी तक आयोजित पदयात्रा रविवार को धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण के बीच निकाली गई। संपूर्ण विश्व के कल्याण, सुख-समृद्धि एवं पर्यावरण संरक्षण की कामना को लेकर आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जय बजरंग व्यायामशाला के सदस्य एवं नगरवासी शामिल हुए। सुबह से ही खाकी बाबा हनुमान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी।
प्रातः 6 बजे खाकी बाबा हनुमान मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर आनंद गिरि जी महाराज एवं पंडित कुलदीप गुरु भट्ट द्वारा आरती की गई। आरती के बाद जयकारों और धार्मिक उत्साह के बीच पदयात्रा को रवाना किया गया।
*इन मार्गों से होकर पहुंची यात्रा*
पदयात्रा खाकी बाबा हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर साईं पेट्रोल पंप, करिया, आम्बा, शेरपुर, पिपलोदा, सुखेड़ा, धतुरिया एवं बछोड़िया होते हुए होरी हनुमानजी मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु धार्मिक जयकारे लगाते हुए और भक्ति में लीन होकर आगे बढ़ते रहे। पदयात्रा में शामिल लोगों ने मार्ग में पर्यावरण संरक्षण एवं विश्व कल्याण का संदेश भी दिया।
यात्रा के मार्ग में कई स्थानों पर ग्रामीणों एवं नगरवासियों ने श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया।
*भक्तिमय माहौल में आगे बढ़े श्रद्धालु*
पदयात्रा के पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के साथ जय बजरंग व्यायामशाला के सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुए। धार्मिक जयकारों से मार्ग गूंजता रहा। पदयात्रा में अनुशासन और श्रद्धा का विशेष रूप देखने को मिला।
*होरी हनुमानजी मंदिर में किए दर्शन*
पदयात्रा के होरी हनुमानजी मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमानजी के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विश्व कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

Post a Comment
0 Comments