सैलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक साल से ईसीजी मशीन नहीं, विधायक कमलेश्वर डोडियार ने सीएमएचओ को लिखा पत्र
*सैलाना।* सैलाना विधानसभा क्षेत्र के 200 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों की लाइफलाइन कहे जाने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैलाना की बदहाल व्यवस्था को लेकर विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मोर्चा खोल दिया है।
विधायक डोडियार ने पत्र क्रमांक 619/VIP/2026 दिनांक 30/08/2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला रतलाम को पत्र लिखकर स्वास्थ्य सेवाओं की अव्यवस्थाओं को तत्काल दूर करने की मांग की है।
*पत्र में लगाए गए प्रमुख आरोप -*
*1. एक साल से ईसीजी मशीन बंद:* अस्पताल में लगभग एक वर्ष से ईसीजी मशीन उपलब्ध नहीं है। जिससे सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ और हृदय संबंधी गंभीर मरीजों की प्राथमिक जांच भी समय पर नहीं हो पा रही है। गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को मजबूरन निजी जांच केंद्रों पर जाना पड़ रहा है।
*2. टिटनेस इंजेक्शन तक नहीं:* दुर्घटना, चोट या आकस्मिक मामलों में लगने वाला टिटनेस इंजेक्शन भी लंबे समय से उपलब्ध नहीं है, मरीजों को बाहर से खरीदना पड़ रहा है।
*3. डॉक्टर और दवाइयों की कमी:* चिकित्सकों की कमी, आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा उपकरणों की अनुपलब्धता से मरीज परेशान हैं।
*4. साफ-सफाई बदहाल और स्टाफ समय से पहले गायब:* विधायक ने आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, रखरखाव संतोषजनक नहीं है। परिसर में कीचड़ और गाजर घास उग आई है। एंबुलेंस सेवा में भी लापरवाही और कई कर्मचारी निर्धारित समय से पहले चले जाते हैं।
*विधायक ने की ये मांग -*
विधायक डोडियार ने मांग की है कि मामले को सामान्य प्रशासनिक शिकायत न मानकर जनहित का विषय माना जाए। एक टीम भेजकर स्थल निरीक्षण कराया जाए, तत्काल नई एवं चालू स्थिति वाली ईसीजी मशीन उपलब्ध कराई जाए, टीटी इंजेक्शन सहित सभी जीवनरक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए, रिक्त पदों पर पर्याप्त डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की पदस्थापना की जाए, पैथोलॉजी जांच को नियमित किया जाए और एंबुलेंस सेवा में सुधार के साथ परिसर की नियमित साफ-सफाई कराई जाए।

Post a Comment
0 Comments