अपने दायित्वों का निर्वहन ही सच्ची देशभक्ति - डॉ पाटीदार
सैलाना। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय सैलाना में देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. आर. पी. पाटीदार ने कहां की सच्ची देशभक्ति और देशसेवा यह है कि हम जहां हैं , वहां अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ईमानदारी और कर्तव्य निष्ठा से देश के विकास में योगदान देकर हम सच्ची देशसेवा कर सकते हैं।
आपने कारगिल में शहीद हुए 527 जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इन बहादुरों की वजह से ही हम आज सुरक्षित हैं और चैन की नींद सो रहे हैं।
मुख्य वक्ता डॉ. रविकांत चौहान ने कारगिल युद्ध की रणनीतिक पृष्ठभूमि और भारतीय सेना की गौरव गाथा से विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा देशसेवा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
जानकारी देते हुए कार्यक्रम की संयोजक क्रीड़ा अधिकारी रक्षा यादव ने बताया कि कारगिल युद्ध के इतिहास और सैनिकों की वीरता पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म और परमवीर चक्र विजेता मेजर योगेंद्र सिंह यादव का साक्षात्कार भी दिखाया गया जिसे देखकर पूरा सभागार देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
छात्रों भरत मईड़ा और महिपाल खराड़ी ने भी अपने विचार व्यक्त किए । कार्यक्रम में संपूर्ण महाविद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे कार्यक्रम का संचालन प्रो चेतन जयंत ने एवं आभार प्रो भरत नागर ने माना।


Post a Comment
0 Comments