Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

भक्ति और उत्साह के साथ निकली भगवान श्री जगन्नाथ की प्रथम भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा सैलाना नगर।

भक्ति और उत्साह के साथ निकली भगवान श्री जगन्नाथ की प्रथम भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा सैलाना नगर।


सैलाना। इस्कॉन जगन्नाथ मंदिर रतलाम एवं सनातन धर्म सैलाना के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सैलाना नगर में पहली बार भगवान श्री जगन्नाथजी, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में "जय जगन्नाथ", "हरे कृष्ण-हरे राम" एवं भगवान के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान के सुसज्जित रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

रथयात्रा का शुभारंभ शाम 4 बजे शीतला माता मंदिर, देवरी चौक, रंगवाड़ी मोहल्ला, सैलाना से वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के पूजन-अर्चन के बाद हुआ। आकर्षक फूलों एवं रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित रथ नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करता हुआ पुनः शीतला माता मंदिर पहुंचा, जहां महाआरती के साथ यात्रा का समापन हुआ।

रथयात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए नृत्य करते नजर आए। महिलाएं, पुरुष, युवा एवं बच्चे पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। इस्कॉन के भक्तों द्वारा हरिनाम संकीर्तन एवं मृदंग-करताल की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते रहे। यात्रा जिस-जिस मार्ग से निकली, वहां श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुष्पवर्षा से स्वागत किया। कई स्थानों पर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जलपान और शीतल पेय की व्यवस्था भी की गई।

भगवान श्री जगन्नाथ के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के बाहर दीप, पुष्प एवं आरती की थालियों के साथ भगवान का स्वागत किया। पूरे मार्ग में धर्ममय वातावरण बना रहा और भगवान के जयघोषों से सैलाना नगर गूंज उठा।

रथयात्रा के समापन पर भगवान श्री जगन्नाथ की महाआरती की गई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में इस्कॉन जगन्नाथ मंदिर रतलाम, सनातन धर्म सैलाना, नगर के धर्मप्रेमी नागरिकों का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने इस सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, प्रशासन एवं पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments