खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई तेज: कान्हा की छाछ से नमूना, बिना पंजीयन संचालन पर प्रकरण दर्ज, किराना दुकान से भी लिए सैंपल।
सैलाना- खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा नगर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया एवं ज्योति बघेल ने नगर के दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कान्हा की छाछ प्रतिष्ठान से छाछ का नमूना जांच के लिए लिया। जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान पर खाद्य व्यवसाय संचालन के लिए आवश्यक पंजीयन नहीं पाया गया, जिसके चलते खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
इसके बाद टीम ने नाकोडा किराना स्टोर का निरीक्षण किया, जहां से टोस (टोस्ट) एवं शक्कर के नमूने संग्रहित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार जिन नमूनों की रिपोर्ट पूर्व में प्राप्त हो चुकी है, उनसे संबंधित प्रकरण पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत किए जा चुके हैं। वर्तमान में जो मामले विचाराधीन हैं, उनमें आगामी कार्रवाई न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। न्यायालय द्वारा लगाए जाने वाले किसी भी जुर्माने की वसूली संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों से कराई जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से खुले में खाद्य सामग्री जैसे समोसा, पोहा, जलेबी, भजिए एवं अन्य खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्हें निर्देश दिए जाएंगे कि खाद्य सामग्री को ढककर रखें और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए ही व्यवसाय संचालित करें, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।

Post a Comment
0 Comments