जिसने दिल दुखाया उसको भी दुआ दो।
सैलाना। जिसने आपका दिल दुखाया , जिसने आपका बुरा चाहा उसके लिए भी आप अच्छे विचार रखो इससे जीवन में आनंद का स्रोत खुलेगा।उक्त विचार आनंद विभाग की जिला समन्वय राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका सीमा अग्निहोत्री ने शासकीय महाविद्यालय सैलाना में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ आर पी पाटीदार ने कहा कि आनंद का स्रोत बाहर नहीं अपने अंदर ही है यदि हमें जीवन में सुख और आनंद चाहिए तो जीवन में हमेशा सकारात्मक भाव रखें। दूसरों से अपेक्षाएं कम रखें, अपनी कमियों की ओर से ध्यान हटाकर जो क्षमताएं हैं उन पर गर्व करें और उनका उपयोग करें।
वहीं आनंद विभाग की मास्टर ट्रेनर पुष्पेंद्र सिसौदिया ने जीवन में आनंदित रहने का गुर बताते हुए कहा कि हमें जीवन की गाड़ी आगे देखकर चलानी है पीछे देखकर नहीं। जीवन में जो बुरी घटनाएं घट चुकी है उनसे सीख लेकर उन्हें भुलाते हुए आगे बढ़ जाना है। कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजन अर्चना के साथ प्रारंभ हुआ।
दोनों वक्ताओं, आनंदम सहयोगी, कारगिल युद्ध में भागीदारी करने वाले भूतपूर्व सैनिक सुरेंद्र सिसौदिया तथा आनंदम सहयोगी सुरेंद्र अग्निहोत्री का स्वागत डॉ एस एस रावत ,प्रोफेसर कविता, क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती रक्षा यादव तथा लक्ष्मण सिंह भंवर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के आनंदम प्रभारी डॉ अशोक रावत द्वारा किया गया एवं आभार डॉक्टर सौरभ ई लाल द्वारा माना गया। कार्यक्रम में प्रोफेसर अनुभा कानडे, डॉक्टर बालकृष्ण चौहान सहित सभी प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

Post a Comment
0 Comments