Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

No title

 *आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा घायल युवक, 112 की लाइन रही व्यस्त*

*स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, आपातकालीन सेवा पर उठे सवाल*


सैलाना। नगर में आपातकालीन सेवा की लापरवाही का मामला सामने आया है। सड़क दुर्घटना में घायल हुए एक बाइक सवार युवक को समय पर एंबुलेंस या डायल-112 की सहायता नहीं मिल सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक करीब आधे घंटे तक सड़क पर घायल अवस्था में तड़पता रहा, जबकि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने के लिए लगातार डायल-112 पर संपर्क करने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार कॉल करने के बावजूद डायल-112 की लाइन लगातार व्यस्त आती रही। इससे समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सभी युवक को जल्द से जल्द उपचार दिलाने के प्रयास में जुटे रहे।

बाद में अन्य माध्यम से थाना प्रभारी पिंकी आकाश को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायल युवक को अपनी सरकारी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। समय रहते अस्पताल पहुंचने से युवक को प्राथमिक उपचार मिल सका।

घटना के बाद क्षेत्र के नागरिकों में डायल-112 सेवा की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में यदि सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन ही व्यस्त मिले तो आमजन किस पर भरोसा करें। नागरिकों ने मांग की है कि डायल-112 सेवा की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता मिल सके और भविष्य में किसी घायल को सड़क पर लंबे समय तक तड़पना न पड़े।

Post a Comment

0 Comments