भव्य मंगल प्रवेश के साथ सैलाना में हुआ जैन साध्वी मंडल का चातुर्मास शुभारंभ।
सैलाना। श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक श्रीसंघ एवं चातुर्मास समिति के तत्वावधान में साध्वीवर्या श्री चारूदर्शा श्रीजी म.सा., श्री विधिता श्रीजी म.सा. एवं श्री प्रभूता श्रीजी म.सा. के चातुर्मास मंगल प्रवेश का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरा नगर धर्ममय वातावरण में सराबोर दिखाई दिया तथा बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7 बजे सागर वाटिका में नवकारसी से हुई। इसके बाद सुबह 8:30 बजे मंगल प्रवेश सामैया निकाली गई। शोभायात्रा सागर वाटिका से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः सागर वाटिका पहुंची। मार्गभर श्रद्धालु भक्ति गीतों, मंगलगान और जयघोषों के साथ साध्वी मंडल का स्वागत करते रहे। सफेद परिधान में श्रावकों एवं केसरिया वेशभूषा में श्राविकाओं की उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
मंगल प्रवेश के उपरांत साध्वी मंडल ने मांगलिक प्रवचन देते हुए चातुर्मास की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चातुर्मास आत्मशुद्धि, संयम, तप, साधना और धर्म आराधना का सर्वोत्तम अवसर है। इस पावन अवधि में धर्म के मार्ग पर चलकर जीवन को श्रेष्ठ एवं सार्थक बनाने का संदेश दिया गया।
वहीं श्री संघ अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता एवं चातुर्मास समिति अध्यक्ष प्रियंक चंडालिया ने प्रवेश एवं चातुर्मास को लेकर अपने विचार व्यक्त किये।
कार्यक्रममें पद्मावती महिला मंडल एवं प्रसन्न मैत्री बहु मंडल ने अपनी प्रस्तुतियां दी।
बाहर से आए हुए अतिथियों का समाज के वरिष्ठ एवं ट्रस्ट मंडल ने बहुमन किया।
कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए स्वामीवात्सल्य का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने प्रसादी ग्रहण की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीसंघ एवं चातुर्मास समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाज के व्यापारियों ने भी धार्मिक आस्था का परिचय देते हुए दोपहर तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आयोजन में सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और धार्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का संचालन वैभव सियार ने किया वह आभार शुभम मेहता ने माना।

Post a Comment
0 Comments