ग्राम पंचायत केल्दा में सचिवों का सम्मानपूर्वक विदाई एवं स्वागत समारोह संपन्न।
मध्यप्रदेश शासन के आदेशानुसार सोमवार को ग्राम पंचायत केल्दा में पदस्थ सचिव जगदीश डामर का स्थानांतरण ग्राम पंचायत ठिकरिया, जनपद पंचायत सैलाना में होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं कर्मचारियों द्वारा उन्हें शाल-श्रीफल, साफा, पुष्पमाला, डायरी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य एवं नवीन पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत ठिकरिया से स्थानांतरित होकर ग्राम पंचायत केल्दा में पदस्थ हुए कैलाश वसुनिया का आत्मीय स्वागत किया गया। समारोह में उन्हें शाल- श्रीफल, साफा एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति स्वरूप डायरी एवं पेन भेंट कर नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत के सरपंच गलिया भाभर ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शासकीय सेवाओं में स्थानांतरण एक सतत प्रक्रिया है, किंतु कार्यकाल के दौरान स्थापित आत्मीय संबंध सदैव स्मरणीय रहते हैं। उन्होंने विदा हो रहे सचिव जगदीश डामर के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा नवागत सचिव कैलाश वसुनिया से पंचायत के विकास कार्यों को नई गति प्रदान करने की अपेक्षा व्यक्त की।
समारोह में मोहन पाटीदार (पटवारी), माल सिंह निनामा (पंचायत समन्वयक अधिकारी), प्रहलाद बेरवा (सीएचओ), संगीता गणावा (एएनएम), जीवन सिंह चौहान (शाला प्रभारी, केल्दा), नानूराम हटीला, रईस खान (शाला प्रभारी, जामदाभिलान), विनोद कुमार देवड़ा, महावीर सिंह (शाला प्रभारी, पाटड़ी), नरेंद्र कुमार दोहरे (शाला प्रभारी, दामारुंडी), दिनेश मेहरा, महेश जेथवार, उर्मिला राव, सहायक सचिव राकेश भाभर, गौतमलाल वसुनिया, दयाराम पटेल, रावजी वसुनिया, बापू वसुनिया पटेल, पूंजीबाई बालाराम (आंगनवाड़ी कार्यकर्ता), आशा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक शर्मा द्वारा किया गया, जबकि अंत में कृष्णा महावीर खेर ने उपस्थित सभी अतिथियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

Post a Comment
0 Comments