सैलाना में एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, 550 कैडेट्स ने लिया संकल्प।
सैलाना- म. प्र.बटालियन एनसीसी, रतलाम द्वारा 67 वें एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 24 मई से 2 जून तक सैलाना नगर के शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में आयोजित किया जा रहा है। शिविर में कमान अधिकारी कर्नल राघवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल संदीप अहलावत के निर्देशन में प्रतिदिन इत्यादि विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आयोजित शिविर के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए लगभग 550 एनसीसी कैडेट्स को वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
रविवार को कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र सैलाना के सानिध्य में वन स्टार डिप्टी रैजर गजराज सिंह डोडीया, आम्ब डिप्टी रैजर रविन्द्र डोडियार एवं वन रक्षक रमेश पन्नू ने उपस्थित एनसीसी कैडेट्स को पर्यावरण संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, वन्यजीवों की पारिस्थितिकी तंत्र में भूमिका एवं उनकी अनिवार्यता, वृक्षारोपण के महत्व तथा सीड बॉल निर्माण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत व्याख्यान दिया।
वर्तमान समय में बढ़ते पर्यावरणीय संकटों से निपटने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कैडेट्स को प्रकृति के संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और पर्यावरण हितैषी गतिविधियों में बढ़- चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
व्याख्यान के दौरान वन विभाग ने वन्यजीवों और वनों के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में वन्यजीवों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सीड बॉल निर्माण की तकनीक और इसके माध्यम से हरित क्षेत्र बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स को पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें अपने जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर वृक्षारोपण करने, पौधों की देखभाल करने तथा अपने आस-पास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने का संदेश दिया गया। साथ ही सभी कैडेट्स को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए सदैव योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित एनसीसी अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम के सफल आयोजन और कैडेट्स को उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए वन विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट सहयोग एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एनसीसी अधिकारियों द्वारा शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जितेन्द्र सोंलंकी, चीफ आफिसर सुरेन्द्र सिंह चैहान, बीएचएम कुशल कुमार, (एफओ) माया मेहता, सुबेदार मेजर कालीचरण, सुबेदार सरताज आलम, सूबेदार राजपाल सिंह सहित पीआई स्टाॅफ तथा कार्यालयीन स्टाॅफ उपस्थित थे।

Post a Comment
0 Comments