सैलाना में खाद-बीज विक्रेता संघ का ज्ञापन, समस्याओं के समाधान की उठी मांग।
सैलाना। क्षेत्र के खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को खाद-बीज दवाई विक्रेता संघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से तहसीलदार कुलभूषण शर्मा को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संघ ने केंद्र एवं राज्य सरकार से लंबे समय से लंबित मांगों के निराकरण की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि कृषि आदान विक्रेताओं को पिछले कई वर्षों से नीतिगत एवं व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विक्रेताओं ने खाद की जबरन लिंकिंग (सब्सिडी वाले खाद के साथ अन्य उत्पाद खरीदने की बाध्यता) पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। साथ ही, कंपनियों द्वारा खाद की एफओआर (Free on Road) आपूर्ति सीधे विक्रेताओं के बिक्री केंद्र तक सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई, ताकि अतिरिक्त परिवहन खर्च का बोझ कम हो सके।
संघ ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए डीलर मार्जिन को न्यूनतम 8 प्रतिशत तक बढ़ाने की मांग की है। इसके अलावा ‘साथी’ पोर्टल को ग्रामीण खुदरा विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक बनाने तथा इसकी अनिवार्यता केवल निर्माताओं और थोक विक्रेताओं तक सीमित रखने की बात कही गई।
संघ ने एक्सपायर्ड कीटनाशकों की वापसी कंपनियों द्वारा अनिवार्य रूप से किए जाने, लाइसेंस संबंधी नियमों में सरलता लाने, तथा झूठी शिकायतों के मामलों में कार्रवाई से पूर्व जिला स्तर पर जांच समिति गठित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही, छोटी-छोटी त्रुटियों पर लाइसेंस निलंबन की स्थिति में 21 दिनों के भीतर स्वतः बहाली का प्रावधान करने और हर वर्ष अनावश्यक दस्तावेज जोड़ने की बाध्यता समाप्त करने की बात भी कही गई।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आगामी समय में आंदोलन को तेज किया जाएगा। इससे न केवल विक्रेताओं पर असर पड़ेगा, बल्कि कृषि आपूर्ति व्यवस्था और किसानों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
ज्ञापन का वाचन संघ के उपाध्यक्ष बुरहान लुकमानी ने किया | ज्ञापन देने के लिए खाद बीज दवाई विक्रेता संघ के अध्यक्ष जानकीदास बैरागी, विमल मांडोत, गणपत पाटीदार ,शीतल मेहता ,अभय मोगरा, मुकेश पाटीदार ,मूर्तजा बोहरा, अभिषेक बैरागी, गोपाल महेश्वरी ,जितेन्द पाटीदार, आशीष टांक, चेतन्य टांक
रवि टांक ,निलेश टांक, संदीप टांक ,भूरालाल डामर,पंकज टांक ,अमित रांका ,मुकेश तातेड,आशीष रांका, विजय गोदालिया सहित अनेक व्यापारी उपस्थित थे |

Post a Comment
0 Comments