निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर में मरीजों को मिली जांच व दवाइयों की सुविधा।
सैलाना। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र सैलाना पर शनिवार को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर एवं निःशुल्क दवाई वितरण का आयोजन किया गया। यह शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों ने स्वास्थ्य जांच कराई और डॉक्टरों से परामर्श लिया।
शिविर में डॉ. आशीष बैरागी, डॉ. देव आशीष माथुर, डॉ. प्रशांत दवे द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी गई। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर में सामान्य बीमारियों, सर्दी-खांसी, बुखार, ब्लड प्रेशर और शुगर आदि की जांच की गई।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य आमजन को सस्ती व सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हों और समय पर उपचार प्राप्त कर सकें। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने लाभ उठाया।

Post a Comment
0 Comments