Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

चैत्र नवरात्रि पर भक्ति से सराबोर हुई सैलाना, 35 किमी लंबी भव्य पैदल यात्रा निकली।

चैत्र नवरात्रि पर भक्ति से सराबोर हुई सैलाना, 35 किमी लंबी भव्य पैदल यात्रा निकली।


सैलाना। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर में रविवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सारथी मित्र मंडल के तत्वावधान में कालिका माता मंदिर से गढ़खंखई माताजी तक करीब 35 किलोमीटर लंबी भव्य पैदल यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यह यात्रा सोमवार 23 मार्च की प्रातः गढ़खंखई माताजी मंदिर पहुंचकर सम्पन्न होगी।


       यात्रा का शुभारंभ कालिका माता मंदिर में विधि-विधान एवं पूजन- अर्चन के साथ हुआ। प्रारंभ में माता की आरती उतारी गई तथा श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ यात्रा की शुरुआत की। “जय माता दी” के गगनभेदी उद्घोषों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।


        यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जिसमें बस स्टैंड, घंटाघर, गणेश मंदिर, राजवाड़ा चौक, दिलीप मार्ग और अडवानिया शामिल रहे। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर पेयजल, शीतल पेय एवं अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


        यात्रा के प्रथम चरण में श्रद्धालु शिवगढ़ पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम एवं भोजन की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात सोमवार तड़के पुनः यात्रा प्रारंभ होगी, जो छावनीझोडिया मार्ग से होते हुए अलसुबह गढ़खंखई माताजी मंदिर पहुंचेगी, जहां विधिवत दर्शन-पूजन के साथ यात्रा का समापन होगा।

        यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा भी माकूल व्यवस्था की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा, वहीं यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। पुलिस की सक्रियता के चलते यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है।

       पूरी यात्रा के दौरान अनुशासन, भक्ति और उत्साह का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सभी पूरे जोश और श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल रहे।

        इस अवसर पर सारथी मित्र मंडल के समस्त सदस्य, नगर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों द्वारा यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिसकी सभी ने सराहना की।

Post a Comment

0 Comments