शिवगढ़ के सरकारी अस्पताल पर भारी लापरवाही व रिश्वत का आरोप, धरने पर बैठे जिला पंचायत उपाध्यक्ष
नईदुनिया न्यूज सैलाना:समीप गांव शिवगढ़ के शासकीय अस्पताल (आरोग्यम, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) में गंभीर लापरवाही और अवैध वसूली के आरोप सामने आए हैं। ग्राम शिवगढ़ निवासी गंगा ने मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला रतलाम को शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि 1 जनवरी 2026 को में अपने बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बिना जांच किए एक सिरप लिख दी। घर पर दवा की दो बूंद पिलाने के बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और नर्स पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई और निलंबन की मांग की है। वहीं एक अन्य शिकायतकर्ता दिमाल ने आरोप लगाया कि बीती रात करीब तीन बजे प्रसव के लिए महिला को शिवगढ़ सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां चपरासी द्वारा 300 रुपये और नर्स द्वारा 500 रुपये की अवैध वसूली की गई। इस मामले में भी दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। इन गंभीर आरोपों को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा ने शिवगढ़ अस्पताल में धरना दिया और स्वास्थ्य विभाग से जिम्मेदार कर्मचारियों को तत्काल हटाने एवं निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment
0 Comments