कांग्रेस ने घंटी बजा कर निकाली वाहन रेली
सैलाना: इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों के विरोध में बुधवार को सैलाना नगर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन कर बाईक रैली के रूप मे नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता घंटाघर का घंटा बजाने पहुंचे और उन्हें रोकने पर पुलिस से हल्की झड़प हो गई। एसडीपीओ नीलम बघेल व अन्य पुलिस अधिकारियो ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घंटाघर पर चढ़ने से रोका। इसके बाद कांग्रेसजनों ने घंटाघर के नीचे ही दो मिनट का मौन रखकर इंदौर में दूषित पानी से मृत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दूषित पेयजल से हुई मौतों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना
इंदौर जैसे बड़े शहर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में सरकार पूरी तरह विफल रही है, जिसके कारण निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि समय रहते पानी की गुणवत्ता की जांच नहीं की गई और शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग की
कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा प्रदेशभर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला।
रैली व प्रदर्शन में प्रमुख रूप से उपस्थित पूर्व विधायक व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत, पूर्व कृषि उपज मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत, हनी गेहलोत, नगर परिषद अध्यक्ष चेतन शुक्ला, मंगलेश कसेरा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, श्रीराम चौधरी, हेमंत कुमावत, पार्षद प्रतिनिधि राजेश पाटीदार, बद्रीलाल काग, गोपाल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह अधिकारी थे उपस्थित
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सैलाना एसडीएम तरुण जैन, सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल, रतलाम ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला, सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश, बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान, रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गडरिया, सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सिंह सेमलिया, पिपलौदा थाना प्रभारी रमेश कोहली, कालूखेड़ा थाना प्रभारी मोहन सिंह मौर्य, बांगरोद चौकी प्रभारी मुकेश यादव, धामनोद चौकी प्रभारी आनंद बागवान एवं केलकच्छ चौकी प्रभारी कांतिलाल सोनार्थी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

Post a Comment
0 Comments