दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, नारायणगढ़ के युवक की मौत, एक गंभीर
सैलाना। गुरुवार देर शाम नारायणगढ़ –सकरावदा मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में नारायणगढ़ निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 7 बजे की है। नारायणगढ़ निवासी श्रीराम पिता अनोखीलाल जाट (30) दूध देने के लिए बाइक से सकरावदा जा रहा था। इसी दौरान नारायणगढ़– सकरावदा मार्ग के बीच सामने से आ रही बाइक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्रीराम जाट की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार समरथ पिता तोलाराम भाभर निवासी बरडा को गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना लाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर जितेंद्र सिंह रायकवार ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


Post a Comment
0 Comments