Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

अपनी तहसील सैलाना में लीक से हटकर नवाचार शुरू। अब नहीं करना होगी दस्तावेजों को पाने के लिए भागदौड़।

अपनी तहसील सैलाना में लीक से हटकर नवाचार शुरू। अब नहीं करना होगी दस्तावेजों को पाने के लिए भागदौड़।


सैलाना (निप्र)  आदिवासी अंचल के सैलाना अनुविभाग की तीनों तहसीलों सैलाना, बाजना, रावटी में लीक से हटकर जनहित में एक नया प्रयोग मंगलवार से शुरू हुआ है। सैलाना की तीनों तहसीलों में अपनी तहसील नाम का नवाचार लाया गया है। इस अभियान में अब आदिवासी और किसान भाइयों को खसरा-खतौनी की प्रति के लिए तहसील कार्यालय व लोक सेवा केंद्र आदि जगहों पर चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। और उसी दिन कुछ ही समय में ये महत्वपूर्ण दस्तावेज संबंधितो को उपलब्ध करा दिए जाएंगे। बड़ी बात तो यह भी है कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत शुरू किए गए इस नवाचार में शुभारंभ भी किसी वीआईपी से नहीं करवाया जाकर छावनी भाभर की निवासी मांगूबाई पति खातु से फीता काटकर करवाया गया है।
    एसडीएम मनीष जैन ने मंगलवार दोपहर इस अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान के शुभारंभ के पश्चात मिडिया से चर्चा में बताया कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के द्वितीय चरण में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार प्रशासन ने कुछ ऐसा करने का संकल्प लिया, जो न केवल लीक से हटकर हो बल्कि जनोपयोगी भी हो। अपनी तहसील के नाम से शुरू किए गए इस नवाचार में किसानों व आदिवासी भाइयों को मांगे जाने पर निशुल्क चालू खाता-खसरा, खतौनी व नक्शो की प्रतियां उपलब्ध कराई जाएगी। प्रदेश में पहली बार यह प्रयोग हाल-फिलहाल सिर्फ सैलाना में हो रहा है। प्रयोग सफल होने पर संभवतः प्रशासन इसे प्रदेश के दूसरे अन्य जिलों में भी लागू करेगा। उन्होंने बताया कि अपनी तहसील केंद्र पर बैठे कर्मचारियों को मांगी जाने वाली जानकारी तुरंत देना अनिवार्य होगी। कर्मचारी पहले से डिजाइन आवेदन को भर कर ऑपरेटर को प्रोसीड करेगा। आपरेटर खाता-खसरा,खतौनी, नक्शो की प्रतियां निकालकर तहसीलदार को प्रस्तुत करेगा। तहसीलदार मांगी गई ट्रु कापी संबंधित किसान अथवा खातेदार को उपलब्ध कराएगा। इस अभियान में अब आवेदन भरने की जिम्मेदारी भी आवेदक की नहीं होगी, बल्कि उसे तो संबंधित कर्मचारी को सिर्फ आवश्यक जानकारियां देनी है। उस आधार पर तहसील कार्यालय में मौजूद कर्मचारी खुद ही आवेदन भरकर आगे की कार्रवाई शुरू करेगा।



उन्होंने बताया कि अब आमजन व किसान को अपने दस्तावेज को पाने के लिए रोज रोज की भागदौड़ भी इस अभियान के तहत नहीं करना पड़ेगी।
इस महत्वपूर्ण अभियान के उद्घाटन अवसर पर तहसीलदार वंदना किराडे भी उपस्थित थे।
 

Post a Comment

0 Comments