Type Here to Get Search Results !

search tv halchal

दीपावली अवकाश के बाद सैलाना मंडी में शुभ मुहूर्त के साथ शुरू हुई नीलामी

दीपावली अवकाश के बाद सैलाना मंडी में शुभ मुहूर्त के साथ शुरू हुई नीलामी

मुहूर्त नीलामी में कृषि जिंसों के मिले आकर्षक भाव, सोयाबीन 8,181 तो कपास 20,007 रुपए प्रति क्विंटल बिका

सैलाना। दीपावली अवकाश के बाद बुधवार, 12 नवंबर को सैलाना कृषि उपज मंडी में शुभ मुहूर्त के साथ कृषि जिंसों की नीलामी का कार्य विधिवत प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर मंडी प्रांगण स्थित सगज बाऊजी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती कर नए मंडी सत्र की शुरुआत की गई। इसके पश्चात कृषि उपज की मुहूर्त नीलामी संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न कृषि जिंसों के आकर्षक भाव देखने को मिले।

कृषि उपज मंडी समिति के सचिव रूमान सिंह भयड़िया एवं व्यापारी संघ अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया ने सगज बाऊजी मंदिर में विधिवत पूजा-पाठ कर आरती की तथा नीलामी कार्य का शुभारंभ किया। मुहूर्त नीलामी में किसानों द्वारा लाई गई विभिन्न कृषि उपज की व्यापारियों ने बोली लगाकर खरीदी की।

मुहूर्त नीलामी में कृषि जिंसों के भाव

मुहूर्त नीलामी में पंचेड़ निवासी किसान विनोद जाट के सोयाबीन को श्री अरिहंत ट्रेडर्स ने 8,181 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदा। वहीं किसान रिदम परमार की लहसुन राज ट्रेडर्स ने 13,513 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदी। किसान हीरालाल का कपास नवरत्न ट्रेडर्स ने 20,007 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदा।

इसी प्रकार सैलाना निवासी किसान राकेश पाटीदार के गेहूं को कांतिलाल शैतानमल फर्म ने 3,636 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदा। भामनोद निवासी वीरेंद्र सिंह की मक्का कुशल ट्रेडर्स ने 3,351 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदी। अंबा निवासी किसान कांतिलाल का चना 10,112 रुपए प्रति क्विंटल में बिका। वहीं करिया निवासी किसान ओंकारलाल के प्याज को ध्रुव ट्रेडर्स ने 5,000 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदा।

व्यापारी, किसान संघ के पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर व्यापारी संघ सचिव पंकज सियार, कोषाध्यक्ष आकाश चंडालिया, कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप पितलिया, सुमित दसेड़ा, प्रदीप चंडालिया, मनोज चंडालिया एवं दीपक कसेरा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, तुलावटी एवं हम्माल उपस्थित रहे। वहीं किसान संघ की ओर से पीरचंद पाटीदार, सुखबीर चौधरी एवं किशोर पाटीदार भी मौजूद थे।

पूजा-अर्चना एवं शुभ मुहूर्त के साथ नीलामी कार्य प्रारंभ होने पर मंडी परिसर में उत्साह का माहौल रहा। किसानों एवं व्यापारियों ने नए मंडी सत्र की अच्छी शुरुआत की उम्मीद जताई।

Post a Comment

0 Comments