Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

सैलाना-सरवन रोड किनारे झाड़ियों में जिंदा मिला नवजात *मामले में नया मोड़, दो लोग थाने पहुंचे और बच्चे को अपना बताया; डीएनए जांच के बाद ही होगी पुष्टि*

सैलाना-सरवन रोड किनारे झाड़ियों में जिंदा मिला नवजात

*मामले में नया मोड़, दो लोग थाने पहुंचे और बच्चे को अपना बताया; डीएनए जांच के बाद ही होगी पुष्टि*

सैलाना। सैलाना-सरवन बायपास रोड स्थित घाट के समीप गुरुवार शाम झाड़ियों में जिंदा नवजात शिशु मिलने के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ सामने आया। नवजात मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया था। वहीं, घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शुक्रवार को दो लोग सैलाना थाने पहुंचे और उन्होंने खुद को नवजात का मामा-मौसी बताते हुए बच्चे को अपना बताया।

थाना प्रभारी पिंकी आकाश के अनुसार, सोशल मीडिया पर नवजात मिलने की जानकारी प्रसारित होने के बाद दो लोग थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस के समक्ष दावा किया कि मिला हुआ नवजात उनका बच्चा है और उसे उन्हें सौंप दिया जाए।

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि केवल मौखिक दावे के आधार पर नवजात को किसी के सुपुर्द नहीं किया जा सकता। थाना प्रभारी ने बताया कि बच्चे की वास्तविक पहचान और दावेदारों के संबंध की पुष्टि के लिए आवश्यक जांच की जाएगी। डीएनए परीक्षण के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। नवजात को लेकर सामने आए दावे के बाद अब पुलिस के सामने बच्चे के वास्तविक परिजनों की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने की चुनौती है।

Post a Comment

0 Comments