औषधि विभाग की सख्ती, मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण, नारकोटिक्स दवाओं और कोडीन युक्त सिरप के स्टॉक व क्रय-विक्रय रिकॉर्ड की हुई जांच, फार्मासिस्ट की उपस्थिति को लेकर दिए निर्देश।
सैलाना। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा औषधि संस्थानों की जांच का अभियान लगातार जारी है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल एवं कलेक्टर रतलाम के निर्देशन में औषधि विभाग की टीम ने सैलाना नगर में संचालित मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण किया।
औषधि निरीक्षक बलराम चौधरी ने सैलाना स्थित पाटीदार मेडिकल, अंबिका मेडिकल, पटेल मेडिकल एवं हैदरी मेडिकल का निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल स्टोरों पर फार्मासिस्ट की उपस्थिति के साथ ही नारकोटिक्स श्रेणी की औषधियों एवं कोडीन युक्त सिरप के स्टॉक तथा उनके क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान पाटीदार मेडिकल, हैदरी मेडिकल एवं पटेल मेडिकल में नेक्सिटो प्लस, क्लोनाफिट टैबलेट एवं ट्रोइका टैबलेट जैसी औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की गई। तीनों मेडिकल स्टोर संचालकों द्वारा मौके पर संबंधित क्रय-विक्रय रिकॉर्ड प्रस्तुत किए गए। वहीं अंबिका मेडिकल पर निरीक्षण के दौरान नारकोटिक्स श्रेणी की औषधियां संगृहीत नहीं पाई गईं।
औषधि निरीक्षक बलराम चौधरी ने सभी औषधि विक्रेताओं को औषधियों के क्रय-विक्रय एवं स्टॉक का समुचित रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमानुसार फार्मासिस्ट की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा जिन औषधियों के लिए चिकित्सकीय पर्चा आवश्यक है, उनका विक्रय पंजीकृत चिकित्सक के वैध पर्चे पर ही करने के लिए निर्देशित किया गया।
औषधि निरीक्षक चौधरी ने बताया कि जिले में औषधि संस्थानों का सघन निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विभाग द्वारा मेडिकल स्टोरों पर दवाओं के भंडारण, रिकॉर्ड संधारण एवं निर्धारित नियमों के पालन की लगातार जांच की जाएगी।

Post a Comment
0 Comments