Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 11 वर्षीय बालिका को मारी टक्कर, हालत गंभीर; रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर।

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 11 वर्षीय बालिका को मारी टक्कर, हालत गंभीर; रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर।

सैलाना-रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर पटेल ढाबे के सामने हादसा, पुलिस ने पीछा कर सरवन थाना क्षेत्र में पकड़ी स्कॉर्पियो

सैलाना। रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बालिका के सिर, कान और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोटड़ा निवासी आंचल कटारा (11 वर्ष), पिता सुरेंद्र कटारा अपने खेत से घर लौट रही थी। सैलाना से करीब 5 किलोमीटर दूर पटेल ढाबे के सामने सड़क पार करते समय रतलाम की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो (MP 04 ZV 9769) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालिका सड़क पर दूर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

डायल-112 की टीम ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने घायल बालिका को संभाला और डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरक्षक मनीष खराड़ी, तूफान भूरिया एवं पायलट अर्जुन मौके पर पहुंचे। टीम ने बिना देर किए घायल बालिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना पहुंचाया।

अस्पताल में डॉ. जितेन्द्र रायकवार ने बालिका का प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान सिर, कान और पैरों में गंभीर चोटें पाए जाने तथा हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने पीछा कर पकड़ी स्कॉर्पियो

हादसे के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो की तलाश शुरू की। पुलिस ने वाहन का पीछा करते हुए उसे सरवन थाना क्षेत्र में पकड़कर जब्त कर लिया। फिलहाल स्कॉर्पियो सरवन थाने में पुलिस अभिरक्षा में है।

पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments