Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

*हर्षोल्लास से मनेगा स्वतंत्रता दिवस, कृषि मंडी परिसर में होंगे मुख्य समारोह* *एसडीएम सुनील जायसवाल ने अधिकारी-कर्मचारियों को दिए कड़े निर्देश, तैयारियों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त* *बैठक के बाद मंडी परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

 *हर्षोल्लास से मनेगा स्वतंत्रता दिवस, कृषि मंडी परिसर में होंगे मुख्य समारोह*

*एसडीएम सुनील जायसवाल ने अधिकारी-कर्मचारियों को दिए कड़े निर्देश, तैयारियों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त*

*बैठक के बाद मंडी परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

सैलाना (निप्र)। स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व इस वर्ष भी सैलाना में पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। वर्षाकाल को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम सैलाना कृषि मंडी परिसर में आयोजित किए जाएंगे। स्कूली विद्यार्थियों की प्रभात फेरी निकाली जाएगी तथा मंडी परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न आयोजन होंगे।

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सैलाना जनपद सभागृह में एसडीएम सुनील जायसवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम जायसवाल ने स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को कड़े निर्देश देते हुए सौंपे गए दायित्वों और व्यवस्थाओं को समय सीमा में पूर्ण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। साथ ही सभी विभागों को अपने शासकीय भवनों पर स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व विद्युत सज्जा करने के निर्देश दिए।

नगर में निकलेगी विद्यार्थियों की प्रभात फेरी

15 अगस्त की सुबह प्रतिवर्षानुसार स्कूली विद्यार्थियों की प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए कृषि मंडी परिसर पहुंचेगी। यहां सार्वजनिक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य समारोह आयोजित किए जाएंगे। बैठक में आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं एवं विभागों की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल, तहसीलदार मनीष जैन, जनपद सीईओ रिया गेर, बीआरसी नरेंद्र कुमार पासी, एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी पिंकी आकाश सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रमुख उपस्थित रहे।

*बैठक के बाद एसडीएम जायसवाल ने किया मंडी परिसर का निरीक्षण*

बैठक संपन्न होने के बाद एसडीएम सुनील जायसवाल ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम स्थल के रूप में निर्धारित कृषि मंडी परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम जायसवाल ने मंडी परिसर में साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था, आवागमन एवं पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा की स्थिति न बने।

Post a Comment

0 Comments