चार दिवसीय प्रवेशोत्सव का सफलतापूर्वक समापन।
सैलाना।शासकीय महाविद्यालय सैलाना में आयोजित चार दिवसीय प्रवेशोत्सव का सफलतापूर्वक समापन हुआ ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. पी. पाटीदार ने की जिन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का केंद्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी अपने परिश्रम, प्रतिभा एवं संस्कारों के बल पर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करेंगे।
आज अंतिम दिवस कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. रविकांत ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों, बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुखी शिक्षा की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से नई शिक्षा नीति द्वारा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया
इसके बाद सहायक प्राध्यापक प्रो भूपेंद्र मंडलोई ने फील्ड प्रोजेक्ट, व्यक्तित्व विकास के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
क्रीड़ा अधिकारी रक्षा यादव ने महाविद्यालय में संचालित खेल गतिविधियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा नियमित खेल सहभागिता के लाभ बताते हुए विद्यार्थियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों में से हर्षिता शर्मा, पायल निनामा, भाविका डिंडोर, कुमकुम पाटीदार एवं चंचल कसेरा ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रवेशोत्सव को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं उपयोगी बताया। विद्यार्थियों ने कहा कि इस आयोजन से उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्ध अवसरों की व्यापक जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ सौरभ ई लाल ने किया ,इस समापन कार्यक्रम में स्टाफ कर्मचारी , अधिकारीयों के साथ बड़ी
संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

Post a Comment
0 Comments