Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

बाजना बस स्टैंड बदहाली का शिकार, पंचायत की उदासीनता से यात्रियों में आक्रोश।

बाजना बस स्टैंड बदहाली का शिकार, पंचायत की उदासीनता से यात्रियों में आक्रोश।

बाजना- ग्राम पंचायत की लापरवाही के चलते क्षेत्र का एकमात्र बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। बांसवाड़ा, कुशलगढ़, रतलाम, दाहोद और सूरत जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के लिए यह बस स्टैंड प्रमुख यात्री केंद्र है, लेकिन आज यहां यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बस स्टैंड परिसर में टूटे दरवाजे, गंदगी से भरा फर्श, क्षतिग्रस्त छतें और टूटी बेंचें यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही हैं। महिलाओं के लिए किसी तरह की समुचित व्यवस्था नहीं है, वहीं पुरुष यात्रियों के लिए भी परिसर में प्रवेश करना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सचिव विक्रम खराड़ी इस गंभीर समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार फोन करने के बावजूद सचिव द्वारा कॉल रिसीव नहीं किए जा रहे, जिससे ग्रामीणों व यात्रियों में भारी नाराजगी है।


स्थानीय निवासी रामलाल ने बताया कि रोजाना सैकड़ों यात्री इस बस स्टैंड से आवागमन करते हैं, लेकिन पंचायत की ओर से सुधार के कोई प्रयास नहीं किए गए।

बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। महिला यात्री सीता बाई ने कहा कि महिलाओं के लिए अलग से कोई सुविधा नहीं है और गर्मी में छाया तक उपलब्ध नहीं होती। उन्होंने पंचायत प्रशासन को जगाने की मांग की।

वर्तमान में बस स्टैंड परिसर में न तो साफ-सुथरे शौचालय हैं, न ही पीने के पानी की व्यवस्था। चारों ओर कचरा फैला हुआ है, जिससे संक्रमण का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है। पंचायत स्तर पर फंड आवंटन के बावजूद कार्य न होना गंभीर सवाल खड़े करता है।

इस मामले को लेकर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने भी संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, बाजना अंचल के यात्री और आसपास के ग्रामीण अब उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान होगा, अन्यथा आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments